Super Star Singer : कोलकाता की 9 साल की प्रीति भट्टाचार्य ‘सुपर स्टार सिंगर’ की विजेता बनी,ट्रॉफी के साथ 15 लाख रूपये भी मिले।
सोनी टीवी पर बेहद लोकप्रिय ‘सुपर स्टार सिंगर’ सीजन वन में कोलकाता की 9 साल की प्रीति भट्टाचार्य विजेता बनी। रविवार को हुए सुपर स्टार सिंगर के सुपर फिनाले में प्रीति को विजेता घोषित किया गया। मुंबई में हुए सुपर फिनाले के लिए आये करीब एक करोड़ वोटों के बीच ये फैसला किया गया। विजेता को ट्रॉफी के साथ 15 लाख रूपये भी मिले।
Super Star Singer
प्रीति भट्टाचार्य को यह पुरस्कार ख्यात संगीतकार प्यारेलाल और सोनी टीवी इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर एंड सीईओ एन.पी. सिंह ने संयुक्त रूप से दिया।
सुपर स्टार सिंगर के 6 फाइनलिस्ट में से सबसे ज्यादा वोट प्रीति को मिले। पिछले 3 महीनों से चल रहे इस कार्यक्रम की लोकप्रियता को देखते हुए सिंह ने कहा कि जल्दी ही यह शो दोबारा लाया जाएगा। जैसे ही प्रीति के विजेता होने का ऐलान हुआ, 9 साल की इस बच्ची की आंखों में खुशी के आंसू आ गए। दर्शकों में मौजूद उसकी मां भी खुशी से झूम उठी जबकि प्रीति के पापा स्टेज पर आ गए और उन्होंने अपनी लाड़ली को बांहों में भर लिया।
Super Star Singer
करीब 15 हफ़्तों तक चले इस शो में प्रीति भट्टाचार्य , मौली, स्नेहा शंकर, हर्षित नाथ,अंकोना मुखर्जी और निष्ठा शर्मा को ग्रैंड फिनाले तक पहुंचने का मौका मिला। इन छह कंटेस्टेंट ने अपने अपने टीम के कप्तानों नितिन कुमार, सलमान अली ज्योतिका तंगरी और सचिन कुमार वाल्मीकि के साथ मिल कर परफॉर्म भी किया। ये शो दो से 15 साल तक के बच्चों के सिंगिंग टैलेंट को दुनिया के सामने लाने के लिए शुरू किया गया है। नितिन कुमार को शो का बेस्ट कैप्टन चुना गया।
Super Star Singer
सोनी टीवी के इस बहुचर्चित कार्यक्रम में सभी बच्चे एक से बढ़कर एक थे। इन 6 फायनिलस्ट गायक गायिकाओं को देशभर से कुल 1 करोड़ वोट मिले लेकिन सबसे ज्यादा वोट प्रीति को मिले, जिसके कारण उसे सीजन वन का विजेता घोषित किया गया।
The search for Singing Ka Kal ends with Prity Bhattacharjee! Hearty congratulations to our #SuperstarSinger, thank you for the many spectacular performances and we wish you the best for the future pic.twitter.com/ERwJDhBRkw
— sonytv (@SonyTV) October 6, 2019
इस मौके पर शो के तीनों जज हिमेश रेशमिया, अलका याग्निक और जावेद अली के साथ लक्ष्मीकांत प्यारेलाल जोड़ी के प्यारेलाल और अनु मलिक विशेष अतिथि के रूप में मौजूद थे। शो में कंटेस्टेंट और उनके मेटर्स ने परफॉर्म किया। द कपिल शर्मा शो के कृष्णा अभिषेक और कीकू शारदा ने भी परफॉर्म किया।



