रुद्रप्रयाग – केदारनाथ यात्रा मार्ग पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा सामने आया, जब जंगलचट्टी के पास पहाड़ी से भारी मलबा गिरने से पांच श्रद्धालु खाई में गिर गए। इस दुःखद घटना में दो लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं।
घायलों को तुरंत राहत टीम की मदद से बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह दुर्घटना अचानक गिरे मलबे की वजह से हुई।
गौरतलब है कि उत्तराखंड में बीते कुछ दिनों से लगातार प्री-मानसून वर्षा हो रही है, जिससे पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और चट्टानें गिरने की घटनाएं बढ़ गई हैं। मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की गर्जना के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
इसके साथ ही बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य क्षेत्रों में भी तेज हवाओं और बारिश का दौर बना रह सकता है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, 23 जून तक राज्य में मौसम का ऐसा ही मिजाज बना रहने की आशंका है।







