Chardham Yatra: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा इस साल भी श्रद्धालुओं के लिए बड़ी आस्था यात्रा बनकर सामने आ रही है। ताज़ा आंकड़ों के अनुसार केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 46 लाख से अधिक हो गई है। यह संख्या पिछले साल दर्ज हुए 48 लाख श्रद्धालुओं के आंकड़े के बेहद करीब है।
चारधाम यात्रा (Chardham Yatra) इस वर्ष 30 अप्रैल से शुरू हुई थी। हालांकि बारिश, बादल फटना और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं के कारण कई बार यात्रा प्रभावित रही। उत्तरकाशी के धराली और हर्षिल क्षेत्र में गंगोत्री और यमुनोत्री की यात्रा पूरी तरह से बाधित भी हुई। लेकिन मौसम सुधरने के बाद यात्रा ने फिर से रफ्तार पकड़ी और वर्तमान में रोजाना 14 से 15 हजार श्रद्धालु चारधामों में दर्शन कर रहे हैं।
पढ़े ये खबर :फिल्म समीक्षा : गढ़वाली फिल्म ‘बौल्या काका’ Bolya kaka रूढ़िवादी सोच पर एक गहरी चोट।
आंकड़ों के अनुसार इस बार यात्रा के लिए 57.29 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया, जिनमें से अब तक 46 लाख लोग दर्शन कर चुके हैं। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या पिछले वर्ष के करीब पहुंच चुकी है, जबकि हेमकुंड साहिब में इस साल यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
पढ़े ये खबर : Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में मौसम का मिज़ाज बदला, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार
चारधाम यात्रा (Chardham Yatra) को प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ माना जाता है। इस साल भी यात्रा से नया रिकॉर्ड बनने की उम्मीद जताई जा रही है। सरकार की ओर से श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए इसे लुम्का बुक में दर्ज करने के लिए आवेदन किया जाएगा।
उत्तराखंड की सभी खबरों को विस्तार से देखने के लिए हिली न्यूज़ को यूट्यूब पर सब्सक्राइब करें।







