ठण्ड की चपेट में आया पूरा उत्तराखंड, मसूरी, धनोल्टी व चारधाम में भयंकर बर्फ़बारी, कई सड़के बंद

0
1008
Cold wave hits entire Uttarakhand, Mussoorie,

देहरादून। मंगलवार के बाद बुधवार को भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रहा। मैदानी इलाकों में दिन की शुरुआत बारिश से हुई। वहीं पहाड़ी इलाके बर्फ से ढक गए। मसूरी, धनोल्टी सहित चारधाम, चकराता और कुमाऊं की वादियां बर्फबारी से सराबोर हो गईं। जिससे एक बार फिर राज्य में ठंड का प्रकोप बढ़ गया। जिसके कारण लोगो को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा।

पर्यटन नगरी मसूरी व धनोल्टी में एक बार फिर बुधवार को बर्फबारी शुरू हुई। मौसम की यह पांचवीं बर्फबारी है। मसूरी में बर्फबारी करीब एक से दो इंच हुई है। वहीं धनोल्टी मुख्य बाजार में लगभग आधा फिट से अधिक बर्फबारी हुई। आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में करीब एक फिट से अधिक बर्फबारी बताई जा रही है।जिसके चलते मौसम काफी ठंडा हो गया है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि बर्फबारी के कारण धनोल्टी में बीते मंगलवार शाम से बिजली आपूर्ति ठप है। वहीं धनोल्टी में पानी का भी संकट आने लगा है। तापमान में आई भारी गिरावट के चलते ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। धनोल्टी मार्ग पर भारी बर्फबारी के कारण मसूरी पुलिस ने जेपी बैंड के पास बैरिकेडिंग लगाकर धनोल्टी मार्ग बंद कर दिया है। पुलिस के अनुसार धनोल्टी मार्ग पर बर्फबारी के कारण दुर्घटना होने की संभावनाएं ज्यादा बढ़ गई। बताया जा रहा है कि चम्बा की ओर से धनोल्टी आने वाले पर्यटकों को भी चम्बा में ही रोक दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here