देहरादून के सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार को मजदूरों का प्रदर्शन अचानक उग्र हो गया। वेतन वृद्धि, ओवरटाइम भुगतान और श्रमिक सुविधाओं की मांग को लेकर चल रहा विरोध प्रदर्शन देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा। प्रदर्शनकारी फैक्ट्री परिसरों से बाहर निकलकर सड़क पर आ गए और दून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया।
जानकारी के अनुसार, सेलाकुई स्थित Dixon Technologies समेत कई औद्योगिक इकाइयों के कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार करते हुए प्रदर्शन शुरू किया। हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर बड़ी संख्या में कर्मचारी हाईवे पर पहुंच गए। मजदूरों का आरोप है कि लंबे समय से वेतन वृद्धि, ओवरटाइम भुगतान और अन्य सुविधाओं को लेकर प्रबंधन से मांग की जा रही है, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा।
प्रियंका मेहर और विवेक नौटियाल का नया गीत ‘रम झमा’ रिलीज, यूट्यूब पर मचा रहा धमाल
प्रदर्शन के चलते दून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया और यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। इसी दौरान कुछ प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और फैक्ट्री के बाहर पथराव शुरू कर दिया। हालात बिगड़ते देख मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति नियंत्रण से बाहर होने पर हल्का बल प्रयोग और लाठीचार्ज करना पड़ा। बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों द्वारा पुलिस पर भी पथराव किया गया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और ड्रोन कैमरों की मदद से निगरानी की जा रही है।
पीएम मोदी का 5 देशों का बड़ा दौरा, ट्रेड और टेक्नोलॉजी पर रहेगा फोकस
उधर Windlas Biotech के कर्मचारियों ने भी कंपनी परिसर के बाहर धरना प्रदर्शन कर प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों का कहना है कि बढ़ती महंगाई के बीच मौजूदा वेतन में परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। साथ ही ओवरटाइम भुगतान और श्रमिक सुविधाओं को लेकर भी उन्होंने नाराजगी जताई। एसपी देहात Pankaj Gairola ने बताया कि एक दिन पहले ही प्रदर्शनकारी मजदूरों की मांगों को लेकर लेबर कमिश्नर और फैक्ट्री प्रबंधन के बीच सहमति बन चुकी थी। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी दोबारा फैक्ट्री पहुंचे और हड़ताल करते हुए पथराव शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है। उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
उत्तराखंड: नया रिकॉर्ड बनाने की ओर बढ़ रही चारधाम यात्रा, 12.60 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
फिलहाल पुलिस प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में होने का दावा किया है, लेकिन पूरे औद्योगिक क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
उत्तराखंड संगीत एवं फिल्म जगत की सभी खबरों को विस्तार से देखने के लिए हिली न्यूज़ को यूट्यूब पर सब्सक्राइब करें।








