Diwali: शहर की सड़कों पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की घटनाएं लगातार भयावह रूप लेती जा रही हैं। हाल ही में प्रेमनगर थानाक्षेत्र की मांडूवाला रोड पर एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जिसमें एक 17 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य दुर्घटनाओं में एक युवक और एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
गलत दिशा में आई कार ने ली किशोर की जान
मांडूवाला के पास स्थित एक हॉस्टल में रहकर काम कर रहे हरियाणा निवासी अंशुल कंबोज को 14 अक्टूबर की शाम लगभग 5:30 बजे एक कार ने उस समय टक्कर मार दी, जब वह अपनी बाइक से डॉल्फिन कॉलेज की दिशा से लौट रहा था। बताया गया कि कार वनवे रोड पर गलत दिशा से आ रही थी और उसकी रफ्तार बहुत अधिक थी। हादसे के तुरंत बाद अंशुल को सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गुरुवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के मामा संदीप चौहान की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टर्नर रोड पर बाइक सवार युवक घायल
इसी दिन क्लेमेंटटाउन क्षेत्र के टर्नर रोड, लेन नंबर-7 पर एक अन्य हादसे में सावन थापा नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। घायल के भाई मधुसूदन थापा ने अज्ञात चालक के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
पटेलनगर में युवती को बाइक ने मारी टक्कर
एक और घटना दो अक्टूबर को पटेलनगर के देहराखास क्षेत्र में हुई, जहां काली मंदिर के पास तेज गति से आ रही बाइक ने मनप्रीत नामक युवती को टक्कर मार दी। युवती को गंभीर चोटें आई हैं। पटेलनगर थाना पुलिस ने इस मामले में अयान नामक युवक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया है।
स्थानीय लोगों में बढ़ रही चिंता
सुद्धोवाला और मांडूवाला के बीच की वनवे सड़क पर लगातार हो रहे हादसों से स्थानीय निवासियों में डर का माहौल है। क्षेत्रवासी पंकज भट्ट के अनुसार, यह संकरी सड़क लंबे समय से खतरनाक बनी हुई है। तेज रफ्तार, शराब पीकर गाड़ी चलाने और सड़क पर गहरे गड्ढों के कारण दुर्घटनाएं आम हो गई हैं। उन्होंने प्रशासन से यहां यातायात नियमों को सख्ती से लागू करने और सड़क की मरम्मत जैसे सुरक्षा उपायों की मांग की है। बताया गया कि करीब नौ महीने पहले इसी रोड पर एक मासूम की भी जान जा चुकी है।
उत्तराखंड से जुडी तमाम खबरों को विस्तार से देखने के लिए हिलीन्यूज़ के यूट्यूब चैनल से जुड़े







