पहाड़ की पीड़ा को बड़े पर्दे पर लाएगी ‘घस्यारी’, टीज़र रिलीज होते ही बढ़ी फिल्म को लेकर उत्सुकता

0
25
'Ghasyari' to bring the plight of the mountains to the big screen; excitement builds as soon as the teaser is released.

देहरादून। उत्तराखंड की बहुप्रतीक्षित गढ़वाली फीचर फिल्म ‘घस्यारी’ Ghasyari Garhwali Film का आधिकारिक टीज़र ‘माँ शक्ति पिक्चर ऑफिशियल’ यूट्यूब चैनल पर रिलीज कर दिया गया है। टीज़र रिलीज होते ही दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्साह बढ़ गया है। शुरुआती झलक से ही यह साफ संकेत मिलता है कि फिल्म पहाड़ के मूल मुद्दों और वहां के लोगों के संघर्ष को केंद्र में रखकर बनाई गई है।

यह भी पढ़ें – हिमाद्रि फिल्म्स का नया गढ़वाली प्रेम गीत ‘माया की किताब’ रिलीज, रामेश्वर गैरोला और नीलीमा मिश्रा की आवाज़ ने जीता दिल

टीज़र में पहाड़, जंगल और वहां के मूल निवासियों के जीवन से जुड़े भावनात्मक पहलुओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है। ऐसा प्रतीत होता है कि फिल्म उन परिस्थितियों को उजागर करेगी, जिनमें पहाड़ के लोगों के अधिकार, जल-जंगल-जमीन और पारंपरिक जीवनशैली लगातार प्रभावित हो रही है। सदियों से वन और घस्यारी उत्तराखंड की संस्कृति, जीवन और आत्मा का अभिन्न हिस्सा रहे हैं, और फिल्म इन्हीं संवेदनशील विषयों को बड़े पर्दे पर सामने लाने का प्रयास करती नजर आ रही है।

यह भी पढे – फिल्म समीक्षा : गढ़वाली फिल्म ‘निखण्या जोग ‘ कमजोर कहानी पर कलाकारों का दमदार अभिनय।

फिल्म के लेखक एवं निर्देशक सुनील बडोनी लंबे समय से सामाजिक सरोकारों और अलग विषयों पर फिल्में बनाने के लिए जाने जाते हैं। उनके निर्देशन में बनी ‘घस्यारी’ से भी दर्शकों को एक सशक्त और विचारोत्तेजक कहानी की उम्मीद है। टीज़र ने फिल्म की पूरी कहानी जानने की उत्सुकता और बढ़ा दी है।

फिल्म की निर्माता परिणीता बडोनी हैं, जबकि सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी सारांश बडोनी ने संभाली है। फिल्म का संगीत और गीत संतोष खेतवाल ने तैयार किए हैं तथा अमित वी. कपूर ने बैकग्राउंड स्कोर दिया है।

यह भी पढे – फिल्म समीक्षा : गढ़वाली फिल्म ‘बौल्या काका’ Bolya kaka रूढ़िवादी सोच पर एक गहरी चोट।

फिल्म में शुभ चंद्र, शिवानी भंडारी, सृष्टि रावत, दिनेश बौड़ाई, राजेश जोशी, रमेश रावत, मंजू बहुगुणा, अजय सिंह बिष्ट, संयोगिता ध्यानी, सुषमा व्यास, गीता गुसाईं नेगी, अशोक नेगी, पूनम लखेड़ा, अंशिका, इंदु रावत, बिनीता रावत नेगी, रमेश नौडियाल, वीरेंद्र असवाल, भानु जोशी, अंजना गुसाईं, भारती आनंद, अनीता सेंदवाल, शीनू नेगी, सौरभ पंवार और रितिक राणा सहित कई कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।

फिल्म ‘घस्यारी’ जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होगी। उत्तराखंड के दर्शकों के साथ-साथ गढ़वाली सिनेमा प्रेमियों को अब इसके ट्रेलर और रिलीज का बेसब्री से इंतजार है।

टीज़र यहाँ देखें –