हरिद्वार ज़िले के लक्सर क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक नवविवाहिता शादी के महज़ पंद्रह दिन बाद अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। फरारी से पहले उसने अपनी सास को कमरे में बंद कर दिया था। सास द्वारा बेटे को सूचना देने के बाद पूरे क्षेत्र में घटना की चर्चा फैल गई है।
यह भी पढ़ें: आरवीएनएल ने रचा इतिहास: सबसे लंबी रेल सुरंग में टीबीएम तकनीक की पहली सफलता
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लक्सर क्षेत्र की एक युवती की शादी 31 मार्च को पथरी थाना क्षेत्र के एक युवक से संपन्न हुई थी। बताया जा रहा है कि यह विवाह युवती की इच्छा के विरुद्ध, पारिवारिक दबाव में करवाया गया था। जबकि युवती पहले से ही अपने गांव के एक युवक से प्रेम संबंध में थी और उसी से विवाह करना चाहती थी। मंगलवार की दोपहर, विवाह के मात्र 15 दिन बाद नवविवाहिता ने अपनी सास को एक कमरे में बंद कर दिया और अपने प्रेमी के साथ बाइक पर सवार होकर घर से निकल गई। काफी देर तक जब सास बाहर नहीं आई, तो आसपास के लोगों ने दरवाजा खोलकर उन्हें बाहर निकाला। इसके बाद उन्होंने बेटे को पूरी घटना की जानकारी दी।
यह भी पढ़ें: रील बनाते समय भागीरथी में बही महिला, बेटी की आंखों के सामने हुआ हादसा
सूचना मिलते ही युवती के मायके पक्ष के लोग भी उसकी तलाश में लग गए। इसी बीच देर शाम नवविवाहिता स्वयं अपने प्रेमी के साथ फेरूपुर पुलिस चौकी पहुंची। वहां उसने पुलिस के समक्ष यह आरोप लगाया कि उसके परिवार वालों ने उसकी मर्जी के खिलाफ जबरदस्ती शादी करवाई थी। उसने यह भी स्पष्ट किया कि वह अपने प्रेमी के साथ ही अपना भविष्य बनाना चाहती है। पुलिस द्वारा युवती को सोच-समझकर निर्णय लेने की सलाह दी गई, वहीं परिवार वाले भी उसे समझाने की कोशिश में लगे हुए हैं। हालांकि, युवती अपने निर्णय पर अडिग बनी हुई है और प्रेमी के साथ रहने की जिद पर कायम है। यह मामला न केवल व्यक्तिगत स्तर पर एक संकट को दर्शाता है, बल्कि समाज में जबरन विवाह की परंपरा और उससे उत्पन्न होने वाले गंभीर परिणामों की ओर भी इशारा करता है। क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।


