Kedarnath Dham: चारधाम यात्रा के इस पावन अवसर पर केदारनाथ धाम में भक्तों की आस्था ने एक नया इतिहास रच दिया है। बुधवार तक कुल 16.56 लाख तीर्थयात्री बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में अधिक है। वर्ष 2024 में यह आंकड़ा 16.52 लाख पर थम गया था।
बावजूद इसके कि इस बार मानसून ने भारी बारिश और बर्फबारी के रूप में यात्रा में कई बाधाएं खड़ी कीं, श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। केवल बुधवार को ही 5,614 तीर्थयात्रियों ने केदारनाथ में दर्शन किए। बता दें कि केदारनाथ धाम के कपाट 23 अक्टूबर, भैयादूज के दिन बंद होंगे, यानी यात्रा अभी करीब 15 दिन और जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें: Kumbh 2027: हरिद्वार कुंभ में पहली बार एआई चैटबॉट, डिजिटल आईडी और स्मार्ट सुरक्षा
केवल केदारनाथ ही नहीं, बल्कि बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धामों (Chardham Yatra) में भी इस बार यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली है। सरकार ने तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए व्यापक स्तर पर इंतजाम किए हैं। यात्रा मार्गों पर सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ-साथ, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीनों की व्यवस्था भी की गई है।
यह भी पढ़ें: Cough Syrup:उत्तराखंड में कफ सिरप पर प्रतिबंध, एफडीए ने दिए सख्त निर्देश
चारधाम यात्रा की शुरुआत इस साल 30 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ हुई थी। इसके बाद दो मई को केदारनाथ और चार मई को बदरीनाथ धाम के कपाट आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए थे।







