कोटद्वार। उत्तराखंडी सिनेमा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने वाली प्रसिद्ध फिल्म निर्माता-निर्देशिका एवं बॉलीवुड अभिनेत्री उर्मि नेगी ने अपनी बहुप्रतीक्षित गढ़वाली फिल्म ‘सुबैरो घाम-3’ Subero Gham 3 की आधिकारिक तैयारियों का ऐलान कर दिया है। ‘फ्योंली’, ‘सुबैरो घाम’ और ‘सुबैरो घाम-2 (बथौं)’ जैसी चर्चित फिल्मों की शानदार सफलता के बाद अब तीसरे भाग को पहले से अधिक भव्य स्तर पर बनाने की योजना तैयार की गई है।
फिल्म की शूटिंग उत्तराखंड के प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर लैंसडाउन, रिखणीखाल और नैनीडांडा क्षेत्र के रमणीय गांवों में की जाएगी। निर्माताओं का मानना है कि इन क्षेत्रों की प्राकृतिक खूबसूरती और स्थानीय संस्कृति फिल्म को एक अलग पहचान देगी तथा उत्तराखंड के पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
सांस्कृतिक कलाकारों की पेंशन 3000 से बढ़ाकर 6000 रुपये – सतपाल महाराज
फिल्म से जुड़ी सबसे बड़ी और चर्चित जानकारी यह है कि इसमें बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती और रजा मुराद महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। इन दोनों कलाकारों की मौजूदगी से फिल्म को राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके अलावा फिल्म में उत्तराखंड और बॉलीवुड के कई अन्य कलाकार भी शामिल होंगे।
उर्मि नेगी के निजी सहायक चन्द्रमोहन जदली ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार फिल्म का संगीत भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। उन्होंने कहा कि बॉलीवुड के कई सुपरहिट पार्श्व गायक पहली बार गढ़वाली गीतों को अपनी आवाज़ देंगे। हालांकि, फिलहाल गायकों के नाम गोपनीय रखे गए हैं और उचित समय पर उनकी आधिकारिक घोषणा की जाएगी। फिल्म के गीतों की रिकॉर्डिंग देहरादून में की जाएगी।
उन्होंने बताया कि ‘सुबैरो घाम-3’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि उत्तराखंड की नई प्रतिभाओं के लिए बड़ा मंच साबित होगी। नए गायक-गायिकाओं, अभिनेताओं और अभिनेत्रियों को अवसर देने के उद्देश्य से जुलाई के दूसरे सप्ताह में कोटद्वार और देहरादून में ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे। चयनित प्रतिभाओं को फिल्म में अभिनय और गायन का अवसर मिलेगा, जिससे प्रदेश के युवाओं को अपनी प्रतिभा राष्ट्रीय मंच पर दिखाने का मौका मिलेगा।
चन्द्रमोहन जदली ने बताया कि उर्मि नेगी द्वारा निर्मित ‘सुबैरो घाम’ और ‘सुबैरो घाम-2 (बथौं)’ ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 40 से अधिक पुरस्कार जीतकर उत्तराखंडी सिनेमा का गौरव बढ़ाया है। इन फिल्मों को देश-विदेश में दर्शकों और समीक्षकों से सराहना मिली, जिसके बाद तीसरे भाग को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है।
“मैत वाली दिसा” में छलका मायके का दर्द, नंदा-शिव की लोककथा को मिला संगीतमय रूप
उन्होंने यह भी बताया कि दर्शकों की मांग को देखते हुए ‘सुबैरो घाम-2 (बथौं)’ के विशेष शो जुलाई माह से कोटद्वार में आयोजित किए जाएंगे। सीमित प्रदर्शनों के बाद पूरी टीम पूरी तरह ‘सुबैरो घाम-3’ के निर्माण कार्य में जुट जाएगी।
फिल्म से जुड़े लोगों का मानना है कि बेहतरीन कहानी, उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक लोकेशन, बॉलीवुड के चर्चित कलाकारों और लोकप्रिय गायकों के सहयोग से ‘सुबैरो घाम-3’ गढ़वाली सिनेमा के इतिहास की सबसे चर्चित और भव्य फिल्मों में शामिल हो सकती है। साथ ही यह फिल्म उत्तराखंड की भाषा, संस्कृति और लोककला को देश-विदेश के दर्शकों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उत्तराखंडी कलाकरों व फिल्म जगत के बारे में जानने के लिए यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें –








