बदरीनाथ हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा, टेंपो ट्रैवलर पलटा, महिला श्रद्धालु की मौत, 17 घायल

0
66
Major road accident on Badrinath Highway: Tempo Traveller overturns; Female devotee killed, 17 injured

चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गाजियाबाद से बदरीनाथ धाम जा रहा एक टेंपो ट्रैवलर जोशीमठ के पैनी क्षेत्र के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य यात्री घायल हो गए।

हरिद्वार की सोनम नहीं, सहेली पूजा निकली पूरे नेटवर्क की मास्टरमाइंड!

प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेंपो ट्रैवलर में कुल 18 श्रद्धालु सवार थे, जो बदरीनाथ धाम के दर्शन के लिए उत्तराखंड आ रहे थे। यात्रा के दौरान जोशीमठ के निकट पैनी नामक स्थान पर वाहन अचानक संतुलन खो बैठा और सड़क पर पलट गया।

सूर्या चौहान हत्याकांड के बाद बढ़ा विवाद, सोशल मीडिया पर आमने-सामने आए लोग

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ तथा स्वास्थ्य विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान चलाया।

आईपीएल चैंपियन बनने के बाद वृंदावन पहुंचे विराट-अनुष्का, प्रेमानंद महाराज से लिया आशीर्वाद

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में घायल सभी यात्रियों को 108 एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। अधिकांश यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। हादसे में आरती (44 वर्ष) नामक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई। उनकी मृत्यु की पुष्टि प्रशासन द्वारा की गई है। वहीं अन्य घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन के अनियंत्रित होने के चलते यह हादसा हुआ, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। चारधाम यात्रा के दौरान लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या के बीच यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षित यात्रा की आवश्यकता को रेखांकित करता है।