मसूरी/देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य आंदोलन की पीड़ा, पहाड़ की बदहाल स्थिति और लगातार हो रहे पलायन को केंद्र में रखकर बनाया गया नया गढ़वाली जनगीत ‘उत्तराखण्ड बचौंण’ इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। रविवार को यूट्यूब पर रिलीज हुए इस गीत ने रातों-रात लोगों के दिलों में जगह बना ली है। गीत को लेकर लोगों के भावुक और समर्थन भरे कमेंट्स लगातार सामने आ रहे हैं।
गढ़वाल में महिला प्रधान से अभद्रता का आरोप, वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ा मामला
गीत केवल मनोरंजन नहीं बल्कि उत्तराखण्ड की वर्तमान स्थिति पर एक गहरी चोट करता नजर आता है। इसमें राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, जनता की उपेक्षा, गांवों के खाली होते घर, शिक्षा और स्वास्थ्य की बदहाल व्यवस्था, तथा पहाड़ की संस्कृति पर मंडरा रहे खतरे को बेहद मार्मिक अंदाज में दिखाया गया है।
गीत की शुरुआती पंक्तियां –
“भूखा तीसा लड़ी-लड़ै, खायीं पुलीस की गोली सोटी…”
राज्य आंदोलन के उन संघर्षों की याद दिलाती हैं, जिनमें आंदोलनकारियों ने अत्याचार सहा, जेल गए और बलिदान दिए। लेकिन आज भी पहाड़ की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।
गीत की एक अन्य चर्चित लाइन –
“चुला फुंडा का उंडा फुंडा, उंडा फुंडा का राज्याधारी ह्वेगैनी”
राज्य गठन के बाद की राजनीति और व्यवस्था पर तीखा व्यंग्य करती है। गीत यह सवाल उठाता है कि जिन लोगों ने राज्य आंदोलन की नींव रखी, वे आज हाशिए पर क्यों हैं।
वीडियो गीत यहां देखें –
चार अंतरों वाले इस जनगीत में पहाड़ की संस्कृति, लोक पहचान और धार्मिक आस्थाओं से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया गया है। खासतौर पर मंदिरों की भूमि और बदलती सामाजिक व्यवस्था पर गीत में खुलकर प्रहार किया गया है। यही कारण है कि यह गीत केवल एक म्यूजिक वीडियो न रहकर अब जनजागरण का माध्यम बनता दिखाई दे रहा है।
उत्तराखंड में फिल्म उद्योग को बढ़ाने के लिए मंथन,एक-दिवसीय कार्यशाला की टॉप स्टोरी।
गीत को प्रसिद्ध गीतकार और निर्देशक प्रदीप भण्डारी ने लिखा और निर्देशित किया है, जबकि इसे आवाज दी है वरिष्ठ लोकगायक विरेन्द्र डंगवाल ने। वीडियो में उत्तराखण्डी फिल्मों के सुपरस्टार बलराज नेगी और प्रदीप भण्डारी का अभिनय दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है। संगीत गणेश चंद ने दिया है, जबकि सिनेमैटोग्राफी नागेन्द्र प्रसाद ने संभाली है।
मदमहेश्वर धाम के कपाट खुलने की प्रक्रिया शुरू, 6 दिन बाद श्रद्धालु कर सकेंगे दर्शन
गीत के लेखक-निर्देशक प्रदीप भण्डारी का कहना है कि यह गीत केवल कला नहीं बल्कि उत्तराखण्ड की आत्मा की आवाज है। उन्होंने कहा कि राज्य की मूल भावनाओं और जनता के अधिकारों के लिए वे आगे भी इसी तरह के जनजागरण गीत बनाते रहेंगे। साथ ही उन्होंने संकेत दिए कि जल्द ही इस गीत का दूसरा भाग भी दर्शकों के सामने आएगा।








