मेरठ के बहसूमा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसमें प्रेम प्रसंग के चलते एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। हत्या को दुर्घटना का रूप देने के लिए आरोपी महिला ने साजिश के तहत सांप के काटने की कहानी रची, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरे मामले की सच्चाई सामने ला दी।
यह भी पढ़ें: ‘Hitile Thuma Thum’ बना नया चार्टबस्टर, Darshan Farswan के गीत में यूथफुल टच
घटना अकबरपुर सादात गांव की है, जहां रविवार सुबह अमित कश्यप उर्फ मिक्की (25) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके बिस्तर पर पाया गया। शव के नीचे एक ज़िंदा वाइपर सांप दबा मिला, जिससे प्रारंभिक तौर पर यही माना गया कि युवक की मौत सांप के काटने से हुई है। अमित के शरीर पर सांप के काटने जैसे कई निशान भी मौजूद थे, जिससे परिवारजन भी यही सोचते रहे कि मौत विषैले सर्पदंश से हुई है। घटना की सूचना पर बुलाए गए सपेरे ने मौके से जीवित सांप को भी पकड़ लिया था।
यह भी पढ़ें: ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे परियोजना: जनासू में सबसे लंबी सुरंग हुई आर-पार
हालांकि, बुधवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने मामले को पूरी तरह पलट दिया। रिपोर्ट में साफ तौर पर सामने आया कि अमित की मौत दम घुटने से हुई थी, न कि विष से। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की और संदेह के आधार पर मृतक की पत्नी रविता तथा उसके प्रेमी अमरदीप को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान पहले तो दोनों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन कड़ी पूछताछ के बाद सच सामने आ ही गया। पुलिस के अनुसार, रविता और अमरदीप ने मिलकर पहले अमित का गला घोंटा और फिर घटना को प्राकृतिक हादसा दिखाने के लिए उसके बिस्तर पर जहरीला सांप छोड़ दिया।
यह भी पढ़ें: गढ़वाली गीत ‘Preet Ki Dor’ ने जीते दिल – संगीत, अभिनय और निर्देशन सबकुछ अव्वल
फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में जल्द ही पूरी जानकारी सार्वजनिक की जाएगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


