श्रावण मास की पवित्र शुरुआत, कांवड़ यात्रा का हुआ शुभारंभ

0
232

हरिद्वार, 11 जुलाई: श्रावण मास के आरंभ के साथ ही धार्मिक आस्था और शिवभक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा है। कांवड़ यात्रा, जो शिवभक्तों की सबसे बड़ी और उत्साहजनक यात्राओं में से एक है, आज से विधिवत प्रारंभ हो गई है। हरिद्वार स्थित हर की पैड़ी से हजारों श्रद्धालु गंगाजल भरकर देश के विभिन्न हिस्सों में स्थित शिव मंदिरों की ओर कूच कर रहे हैं। ये श्रद्धालु उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों के नगरों और गांवों से आए हैं।

 

श्रावण मास के दौरान शिवभक्तों की तीन प्रमुख तीर्थ यात्राएं होती हैं। पहली है यह कांवड़ यात्रा, दूसरी बाबा अमरनाथ की पवित्र यात्रा और तीसरी कैलाश मानसरोवर की कठिन लेकिन आध्यात्मिक ऊर्जा से भरपूर यात्रा। इन तीनों यात्राओं में शिवभक्त भारी संख्या में भाग लेते हैं और अपने आराध्य को जल अर्पित कर पुण्य प्राप्त करते हैं।

 

 

हरिद्वार की धार्मिक महत्ता केवल इसके पवित्र जल के कारण नहीं है, बल्कि यह भी माना जाता है कि श्रावण मास में भगवान शिव स्वयं कनखल पधारते हैं। पौराणिक कथाओं के अनुसार, यह वही स्थल है जहाँ प्राचीन काल में राजा दक्ष के यज्ञ में शिव का आगमन हुआ था।

 

हर साल दो बार कांवड़ यात्रा का आयोजन होता है—एक फाल्गुन मास में और दूसरी श्रावण मास में। फाल्गुन की यात्रा में महाशिवरात्रि पर और श्रावण मास में शिव चौदस के दिन गंगाजल चढ़ाया जाता है। इस बार शिव चौदस 23 जुलाई को पड़ रही है, क्योंकि एकादशी, द्वादशी और त्रयोदशी की तिथियों का संगम हो रहा है, जिससे त्रयोदशी का क्षय माना जा रहा है।

 

धर्मनगरी हरिद्वार में इन दिनों ‘बम बम भोले’ और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष गूंज रहे हैं। यात्रा के आगामी चौदह दिनों में लाखों शिवभक्त हरिद्वार से जल लेकर पैदल यात्रा पर निकलेंगे और अपने-अपने क्षेत्र के शिव मंदिरों में जलाभिषेक करेंगे।