आज शुक्रवार की सुबह केदारनाथ धाम में अध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठी, जब मंत्रोच्चारण, ढोल-नगाड़ों और भक्तिरस में डूबे गीतों के संग बाबा केदार के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु विधिवत रूप से खोल दिए गए। पूरे परिसर में भक्ति और श्रद्धा की अविरल धारा बह रही थी। श्रद्धालु इस दिव्य क्षण के साक्षी बने जब श्री केदारनाथ धाम को सजाया गया 108 क्विंटल फूलों से, और कपाटोद्घाटन की इस शुभ वेला में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी अपनी धर्मपत्नी संग उपस्थित रहे। उन्होंने स्वयं श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण कर इस पावन अवसर को और भी विशेष बना दिया।
कपाट खुलने के साथ ही आकाश से हेलिकॉप्टर के माध्यम से पुष्पवर्षा की गई, जिससे सम्पूर्ण वातावरण अद्वितीय सौंदर्य और आस्था के रंगों में रंग गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि चार धाम यात्रा की औपचारिक शुरुआत 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर हो चुकी है, जब गंगोत्री और यमुनोत्री धामों के कपाट खोले गए थे। अब 4 मई को श्री बद्रीनाथ धाम के द्वार भी श्रद्धालुओं के लिए खुलेंगे, जिसके साथ ही यात्रा पूरी गति से आरंभ हो जाएगी।

मुख्यमंत्री धामी ने इस बात पर विशेष बल दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा बल पूरी मुस्तैदी से तैनात हैं, और 15,000 से अधिक यात्रियों के रात्रि ठहराव की व्यवस्था की जा चुकी है। साथ ही, दर्शन व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए टोकन सिस्टम भी लागू किया गया है। उन्होंने बताया कि “श्री केदारनाथ धाम अब अपने सम्पूर्ण वैभव और दिव्यता के साथ तैयार है। आज का यह क्षण मेरे लिए भी अत्यंत सौभाग्यशाली है, जब मैं स्वयं बाबा के चरणों में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक अवसर का भागीदार बना हूं।”

श्रीबदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने भी जानकारी दी कि दर्शन व्यवस्था को सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।आज का दिन उन असंख्य श्रद्धालुओं के लिए एक भावपूर्ण अनुभूति लेकर आया है जो वर्षों से इस दिव्य दर्शन की प्रतीक्षा कर रहे थे। बाबा केदार के कपाट खुलते ही जैसे आत्मा को परमशांति का अनुभव हुआ हो।


