Cloudburst: चमोली में बादल फटने से हड़कंप, राज्यभर में बारिश का कहर जारी

0
255

Cloudburst: उत्तराखंड में मानसून का प्रकोप लगातार गहराता जा रहा है। ताजा मामला चमोली जनपद का है, जहां नंदप्रयाग-घाट मार्ग के आगे स्थित मुख गांव में बादल फटने की सूचना से हड़कंप मच गया है। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ की टीमें तत्काल रवाना कर दी गईं हैं। स्थानीय प्रशासन ने स्थिति पर कड़ी नजर बनाए रखी है, वहीं राहत और बचाव कार्यों के लिए दल सतर्कता के साथ तैयार हैं।

 

मौसम विभाग की चेतावनी

भारतीय मौसम विभाग के हाइड्रोमेट डिवीजन (नई दिल्ली) की रिपोर्ट के अनुसार, अगले 24 घंटों में प्रदेश के कई जिलों—अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी और उत्तरकाशी—में भारी वर्षा के चलते जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बनने की संभावना जताई गई है।

इस चेतावनी के आधार पर राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क करते हुए पत्र भेजा है, जिसमें आवागमन को नियंत्रित रखने और आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

 

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड की माटी में जन्मी आवाज़ — कबूतरी देवी

 

परिवहन व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित

लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेशभर में 74 सड़क मार्ग बंद हो गए हैं। ऋषिकेश-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग औजरी के पास पहले से ही बाधित था, जिसे अब तक खोला नहीं जा सका है। अन्य प्रमुख प्रभावित मार्गों की बात करें तो रुद्रप्रयाग जिले में पांच सड़कें, उत्तरकाशी में एक राष्ट्रीय राजमार्ग और आठ ग्रामीण मार्ग, नैनीताल में एक राज्य मार्ग, चमोली में एक राज्य मार्ग और 20 अन्य सड़कें बंद हैं।

इसके अलावा पिथौरागढ़ में नौ, अल्मोड़ा में तीन, बागेश्वर में आठ, चंपावत में एक, पौड़ी में छह, देहरादून में चार और टिहरी में आठ ग्रामीण सड़कों पर भी यातायात पूरी तरह ठप है। मलबा और भूस्खलन के चलते इन मार्गों को खोलने का प्रयास लगातार जारी है।

यह भी पढ़ें: इंग्लैंड में शुभमन गिल का जलवा,टूट गए सचिन,कोहली के भी रिकॉर्ड।

 

जनजीवन पर व्यापक असर

लगातार बारिश से न केवल सड़कों का संपर्क टूट रहा है, बल्कि जनजीवन भी पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग घरों में कैद हैं, कई स्थानों पर बिजली और संचार सेवाएं बाधित हुई हैं। खेतों में जलभराव से फसलों को नुकसान पहुंचने की भी खबरें आ रही हैं।

स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें अलर्ट मोड पर हैं, लेकिन मौसम की बेरुखी के चलते राहत कार्यों में बाधाएं आ रही हैं। हालात को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी जिलों को 24 घंटे निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।