अक्षय तृतीया पर खोले गए गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट, यात्रा का हुआ आगाज

0
174
चारधाम
चारधाम

अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर बुधवार को विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु विधिपूर्वक खोल दिए गए। अब आगामी छह माह तक भक्तजन मां गंगा और मां यमुना के पावन दर्शन कर सकेंगे। गंगोत्री धाम के कपाट प्रातः 10:30 बजे अभिजीत मुहूर्त में खोले गए, जहां परंपरा के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से प्रथम पूजा संपन्न हुई।

कपाट उद्घाटन के दौरान पूरा गंगोत्री क्षेत्र ‘जय मां गंगे’ के जयकारों से गूंज उठा। इस पावन क्षण पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं गंगोत्री पहुंचे और मां गंगा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।चारधाम यात्रा की विधिवत शुरुआत गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट खुलने के साथ हो गई है। इसके बाद 2 मई को केदारनाथ और 4 मई को बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे।

देशभर से आए श्रद्धालुओं ने गंगोत्री मंदिर परिसर में मां गंगा की विग्रह मूर्ति के दर्शन कर पुण्य अर्जित किया। इस अवसर पर मंदिर को लगभग 15 क्विंटल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। अब छह माह तक श्रद्धालु मां गंगा के दर्शनों का लाभ उठा सकेंगे।

चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

 

चारधाम यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने व्यापक और सुदृढ़ सुरक्षा प्रबंध किए हैं। आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस), अर्धसैनिक बल और पुलिस बल पूरे रूट पर मुस्तैद रहेंगे। यात्रा मार्ग पर 10 स्थानों पर एटीएस की तैनाती की गई है, जबकि 10 कंपनी पैरामिलिट्री फोर्स और 17 कंपनी पीएसी को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है। इसके अतिरिक्त 65 प्रमुख बिंदुओं पर एसडीआरएफ की टीमें भी तैनात रहेंगी।

यात्रियों की निगरानी और यातायात नियंत्रण हेतु पूरे यात्रा मार्ग को ड्रोन की निगरानी में रखा गया है और 2000 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। विभिन्न क्षेत्रों से कंट्रोल रूम में सीधी फीड भेजी जा रही है जिससे हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा सके।

40 सालों के बॉलीवुड व साउथ सिनेमा के अनुभव से उत्तराखंडी सिनेमा को देंगे शिव नारायण रावत(Shiv Narayan Singh Rawat ) नई दिशा ?