पर्वतीय जिलों में तेज हवाओं की चेतावनी, पांच जिलों में येलो अलर्ट जारी

0
180

उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में आज (बुधवार) तेज रफ्तार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत और पौड़ी जिलों के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि इन क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे जनजीवन पर आंशिक असर पड़ सकता है।

दरअसल, गर्मी की तपीस के बीच अब थोड़ी राहत मिलने वाली है साथ ही मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है, खासकर खुले इलाकों या ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रहने वालों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने या हल्के ढांचे क्षतिग्रस्त होने की आशंका भी बनी हुई है।

वहीं, राज्य के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है और फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है। देहरादून की स्थिति की बात करें तो यहां का मौसम अपेक्षाकृत शांत रहेगा। राजधानी में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।