देहरादून: उत्तराखंड, चमोली जिले के थराली में अमर बलिदानी एवं अशोक चक्र से सम्मानित वीर शहीद भवानी दत्त जोशी जी की याद में तीन दिवसीय शौर्य महोत्सव का उद्घाटन किया गया। इस मौके पर शहीद के स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किया गया और उनकी स्मृति में पौधारोपण भी किया गया। महोत्सव का आयोजन न केवल शहीद की याद में किया गया, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति और वीरता की प्रेरणा देने का अवसर भी है।

दरअसल, थराली में आयोजित इस शौर्य महोत्सव के खास अवसर पर सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मौजूद थे। जहां महोत्स्व में जनता को सम्बोधित करते हुए सीएम ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारतीय सेना का मनोबल उच्चतम स्तर पर है। उनके मार्गदर्शन में भारतीय सैनिकों की शौर्य गाथा आज देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में गूंज रही है।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री जी के विज़न के अनुरूप सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इसके तहत देहरादून के गुनियाल गांव में अमर शहीदों की स्मृति में एक भव्य सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती रितु खंडुरी और अन्य गणमान्य जन भी उपस्थित रहे।









