UKSSSC Paper Leak: 21 सितंबर… उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की स्नातक स्तरीय परीक्षा सुबह कड़ी निगरानी में शुरू हुई। लेकिन परीक्षा शुरू होने के कुछ ही मिनटों बाद, सोशल मीडिया पर सवालों की तस्वीरें वायरल होने लगीं।
वायरल सवालों ने पूरे प्रदेश में हलचल मचा दी —
जहां एक ओर लाखों अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे थे, वहीं दूसरी ओर ऑनलाइन ग्रुप्स में वही सवाल शेयर किए जा रहे थे।
जैसे ही यह बात बाहर आई, परीक्षा की साख पर बड़ा सवाल उठ गया।
अगले ही दिन से बेरोजगार संघ और अभ्यर्थी सड़कों पर उतर आए। देहरादून परेड ग्राउंड में सैकड़ों युवाओं ने “पेपर निरस्त करो”, “दोषियों को सज़ा दो” और “सीबीआई जांच कराओ” जैसी मांगों के साथ धरना शुरू कर दिया।
धरना धीरे-धीरे पूरे प्रदेश में फैल गया। युवाओं ने कहा — “हमने दिन-रात मेहनत की है, अब हमारी मेहनत पर सवाल उठे हैं, तो जवाब भी चाहिए।”
धरने के आठवें दिन, खुद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी परेड ग्राउंड पहुंचे।
उन्होंने युवाओं से संवाद किया और मौके पर ही सीबीआई जांच की संस्तुति की घोषणा कर दी।
मुख्यमंत्री ने अपने लेटरहेड पर हस्ताक्षर करते हुए कहा — “जांच सीबीआई से ही होगी।”
इसके बाद युवाओं ने अपना धरना अस्थायी रूप से समाप्त कर दिया, लेकिन चेतावनी दी कि अगर जांच में देरी हुई, तो आंदोलन फिर शुरू किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: धामी सरकार का प्रचार देखिए किन चैनलों पर बंटे करोड़ों रुपये!
UKSSSC Paper Leak: जांच और गिरफ्तारी की अपडेट
इस प्रकरण में अब तक परीक्षा केंद्र से पेपर बाहर भेजने के आरोपी खालिद और उसकी बहन साबिया को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले की शुरुआती जांच एसआईटी कर रही है, जबकि सीबीआई जांच के लिए प्रस्ताव गृह विभाग के माध्यम से केंद्र को भेज दिया गया है। मुख्यमंत्री के अनुमोदन के बाद पुलिस मुख्यालय अब केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय कर रहा है, और माना जा रहा है कि अगले कुछ दिनों में इस पर बड़ा फैसला आ सकता है।
गृह सचिव शैलेश बगौली ने बताया कि “सीबीआई जांच से संबंधित सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं,
अब आगे की कार्रवाई केंद्र के निर्णय के बाद ही होगी।”बेरोजगार संघ का बयान और नई कार्रवाई
धरना समाप्त होने के बाद भी युवाओं की लड़ाई जारी है।
बेरोजगार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल ने हिली न्यूज़ से बातचीत में बताया कि “हमें सरकार की ओर से यह आश्वासन दिया गया है कि 10 से 12 अक्टूबर तक जांच रिपोर्ट तैयार की जाएगी, और तभी यह तय होगा कि पेपर निरस्त होगा या नहीं। अगर इस बीच सरकार ने कोई ठोस फैसला नहीं लिया, तो संघ फिर सड़कों पर उतरेगा।”
इसी के साथ राम कंडवाल ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा — “स्नातक स्तरीय परीक्षा में हुई अनियमितताओं एवं पेपर लीक प्रकरण को लेकर गठित एकल सदस्यीय जांच आयोग के अध्यक्ष मा० न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) श्री यू.सी. ध्यानी जी से आज फिर मुलाकात की। ध्यानी जी के समक्ष पेपर निरस्त को लेकर अन्य सबूत भी रखे।
साथ ही यह तय किया गया कि 8 अक्टूबर को देहरादून में परीक्षार्थियों के साथ एक बड़ा संवाद आयोजित किया जाएगा।
प्रदेश का हर परीक्षार्थी चाहता है कि यह परीक्षा निरस्त हो।”
यह भी पढ़ें:Haridwar: गंगा की धारा क्या रुकी की धन की तलाश में जुटे लोग
UKSSSC Paper Leak: अब आगे क्या?
सरकार की ओर से जांच प्रस्ताव केंद्र तक पहुँच चुका है, आयोग संदिग्ध आवेदनों की सूची पुलिस के साथ साझा करने की तैयारी में है,और बेरोजगार संघ ने सरकार को 12 अक्टूबर तक की समय-सीमा दे दी है।
अब देखना होगा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद क्या यह परीक्षा निरस्त होगी या केवल दोषियों पर कार्रवाई होगी —
लेकिन फिलहाल युवाओं की नज़र इसी रिपोर्ट पर टिकी है।यूकेएसएसएससी पेपर लीक प्रकरण अब सिर्फ परीक्षा का मुद्दा नहीं —यह राज्य के युवाओं की उम्मीदों और सिस्टम की पारदर्शिता का इम्तिहान है।
रिपोर्ट आने में कुछ ही दिन बाकी हैं… अब सवाल यही है — क्या इस बार सच सामने आएगा, या फिर इतिहास खुद को दोहराएगा?







