उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी का निधन, प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक

0
57
Former Uttarakhand Chief Minister B.C. Khanduri Passes Away

देहरादून: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता भुवन चंद्र खंडूड़ी का निधन हो गया है। उनके निधन की खबर से पूरे उत्तराखंड में शोक की लहर दौड़ गई है। राज्य सरकार ने उनके सम्मान में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। इस संबंध में शासन द्वारा आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिया गया है।

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी का निधन, प्रदेशभर में शोक की लहर

जारी आदेश के अनुसार, राजकीय शोक के दौरान प्रदेशभर में राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे और किसी भी प्रकार के शासकीय मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे। साथ ही, पूर्व मुख्यमंत्री की अंत्येष्टि 20 मई को पूरे पुलिस सम्मान के साथ संपन्न कराई जाएगी। अंत्येष्टि के दिन राज्य सरकार के सभी कार्यालय बंद रहेंगे।

बीसी खंडूड़ी उत्तराखंड की राजनीति का एक बड़ा चेहरा माने जाते थे। उनका जन्म 1 अक्टूबर 1933 को पौड़ी गढ़वाल में हुआ था। राजनीति में आने से पहले उन्होंने भारतीय सेना में करीब 36 वर्षों तक सेवा दी। वर्ष 1954 से 1990 तक सेना में रहते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में उन्होंने रेजीमेंट कमांडर के रूप में अहम भूमिका निभाई थी। उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें वर्ष 1982 में अतिविशिष्ट सेना मेडल से भी सम्मानित किया गया था।

उत्तरकाशी में देर रात भूकंप के हल्के झटकों से दहशत, लोग घरों से बाहर निकले

शिक्षा की बात करें तो उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय, सैन्य अभियांत्रिकी महाविद्यालय (सीएमई) पुणे, इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियर्स नई दिल्ली और रक्षा प्रबंध संस्थान सिकंदराबाद से अध्ययन किया था। सेना से सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और गढ़वाल क्षेत्र से लोकसभा सांसद चुने गए।

“मंजू नौटियाल और अन्नू रावत की आवाज़ में रिलीज हुआ ‘घंग़तोल’, उत्तराखंडी संस्कृति की दिखी खूबसूरत झलक”

बीसी खंडूड़ी दो बार उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रहे। पहली बार उन्होंने 8 मार्च 2007 से 27 जून 2009 तक मुख्यमंत्री पद संभाला। इसके बाद वर्ष 2011 में तत्कालीन मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक के इस्तीफे के बाद उन्होंने दोबारा मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली और 2012 तक इस पद पर रहे।

उनके निधन पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह समेत कई बड़े नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है। वहीं, उत्तराखंड के वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भी उनके निधन को प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। बीसी खंडूड़ी को ईमानदार, अनुशासित और विकासवादी नेता के रूप में हमेशा याद किया जाएगा।